चंद्रग्रहण 28-29 अक्टूबर 2023 की सम्पूर्ण जानकारी | Partial lunar Eclipse

आप सब को ज्ञात ही होगा कि आश्विन शुक्ल पूर्णिमा दिन शनिवार तदनुसार 28 अक्टूबर 2023 को भारतवर्ष में चंद्रग्रहण लगने वाला है। आइए आज इस ग्रहण की विशेषताओं के बारे में जानते हैं साथ ही ग्रहण संबंधी कृत्याकृत्य सूतक तथा अन्य वैज्ञानिक और धर्मशास्त्रीय जानकारियां भी प्राप्त करेंगे। 

ग्रहण कभी अकेला नहीं आता, सूर्य ग्रहण हमेशा चंद्र ग्रहण से लगभग 15 दिन पहले या बाद में होता है। अभी 29 अक्टूबर से 15 दिन पूर्व अर्थात् 14 अक्टूबर को सूर्यग्रहण हुआ था, हालाँकि यह भारत में दृश्य नहीं था।

अब उस सूर्यग्रहण के 15 दिन बाद चन्द्रग्रहण हो रहा है जो भारत में भी दृश्य है ।आमतौर पर, एक पंक्ति में दो ग्रहण होते हैं, लेकिन अन्य बार, एक ही ग्रहण के मौसम के दौरान लगातार तीन ग्रहण भी होते हैं।

 

28 अक्टूबर 2023 को लगने वाला चंद्रग्रहण खण्डग्रास चंद्रग्रहण (Partial Lunar Eclipse) है।

भारत में यह ग्रहण कहाँ कहाँ दिखाई देगा ?

28-29 अक्टूबर 2023 को लगने वाला चंद्रग्रहण भारत में  खण्डग्रास चंद्रग्रहण के रूप में दिखाई देगा। यह ग्रहण भारतवर्ष में भी दृश्य है, अतः हमारे देश में भी ग्रहणजन्य धर्मशास्त्रीय नियम एवं सूतक आदि मान्य होंगे।

विश्व में यह ग्रहण कहाँ कहाँ दिखेगा ?

यह ग्रहण खण्डग्रास चन्द्रग्रहण (Partial Lunar Eclipse) के रूप में भारतवर्ष के अलावा सुदूर दक्षिण-पूर्वी आस्ट्रेलिया छोड़कर आस्ट्रेलिया के अन्य भागों में, दक्षिण-पश्चिम अमेरिका में साथ ही उत्तर-पश्चिम अमेरिका के कुछ भागों के अलावा अफ्रिका, यूरोप, मध्य एशिया, जापान, अटलांटिक पैसेफिक क्षेत्र, आर्कटिक एवं अटांर्कटिका आदि क्षेत्रों में दृश्य होगा।

ग्रहण का आरम्भ आस्ट्रेलिया महाद्वीप के उत्तरी क्षेत्र में तथा मोक्ष दक्षिणअमेरिका के सुदूरपूर्व में होगा।

भारतीय समयानुसार ग्रहण का समय 

आप सबको पता ही है और मैंने बताया भी है की चन्द्रग्रहण का समय स्थानभेद से अलग-अलग नहीं होता है ! ऐसा क्यों होता है, इस पर हम इसी लेख में आगे चर्चा करेंगे। खण्डग्रास चन्द्रग्रहण की शुरुआत भारतीय I.S.T समयानुसार  01:05 AM से होगी तथा समाप्ति 02:23 AM पर होगी, ग्रहण का मध्य 01:44 AM पर होगा। इसी समय के बीच में सभी स्थानों में जहाँ-जहाँ भी रात्रि होगी वहाँ-वहाँ खण्डग्रास चन्द्रग्रहण की दृश्यता रहेगी।

  • नाम – खण्डग्रास चन्द्रग्रहण
  • दिनांक – 28-29 अक्टूबर 2023
  • चान्द्र तिथि – आश्विन शुक्ल पूर्णिमा
  • चान्द्र तिथि – आश्विन शुक्ल पूर्णिमा
  • दिन – शनिवार
  • राशि – मेष राशि
  • नक्षत्र – अश्विनी नक्षत्र
  • समय – 01:05 AM से 2:23 AM I.S.T
  • ग्रहण का आरम्भ – 01:05 AM
  • ग्रहण का मध्य – 01:44 AM
  • ग्रहण का मोक्ष – 02:23 Am
  • सूतक का आरम्भ – 04:05 PM
  • ग्रासमान (Magnitude) – 0.12

शरद पूर्णिमा निर्णय 

इस वर्ष शरद पूर्णिमा के दिन चन्द्रग्रहण नामक दिव्य उत्पात् (ग्रहणादि उत्पात्) होने के कारण शरद पूर्णिमा मनाना संभव नहीं है। धर्मप्रेमी जन जबरन खीर इत्यादि बनाकर शरद पूर्णिमा मनाने का प्रयास न करें। किसी भी परिस्थिति में शरद पूर्णिमा मनाने का मार्ग प्रतीत नहीं हो रहा है।

ग्रहण_संबंधी_महत्वपूर्ण_तकनीकी_जानकारियाँ

  • सूर्य स्पष्ट – 06/10°/57’/50″
  • चन्द्र स्पष्ट – 00/10°/57’/50″
  • राहु स्पष्ट – 00/00°/43’/26″
  • कान्ति – 0.122
  • सूर्य क्रान्ति – 13°14′ दक्षिणा
  • चन्द्र क्रान्ति – 14°05′ उत्तरा
  • व्यगु – 10°14′
  • भुज – 10°14′
  • चन्द्र शर – 00°56′ उत्तर
  • सूर्य गति – 00°58′
  • चन्द्र गति – 841′ 30″

ग्रहण क्या है ?  

किसी आकाशीय पिंड का किसी अन्य आकाशीय पिंड से ढ़क जाना ग्रहण कहलाता है। हम पृथ्वीवासी यहां से हर वर्ष सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण देखते हैं।

सूर्य ग्रहण में चंद्रमा छादक और चंद्र ग्रहण में पृथ्वी की छाया छादिका होती है। चंद्रमा द्वारा किसी अन्य ग्रह को ढकने की प्रक्रिया चंद्र समागम या Occultation कहलाती है। 

ग्रहण तभी लगता है जब छाद्य(सूर्य/चन्द्रमा) और छादक(चन्द्र/भूच्छाया) एक सरल रेखा में हों अर्थात् ज्योतिषीय भाषा में छाद्य छादक के पूर्वापर और याम्योत्तर अंतर का अभाव हो जाए तथा छाद्य पात(राहु/केतु) के सन्निकट हो। 

सूर्य को एक पात से गुजरने के पश्चात उसी पात पर पुनः आने में 346.62 दिन लगते हैं। इसे ही ग्रहण वर्ष कहा जाता है। पातों की संख्या दो होने के कारण इनके आधे दिन अर्थात 173.31 दिनों में सूर्य किसी न किसी पात पर आता है। एक ग्रहण से दूसरे ग्रहण की संभावना 176.68 दिनों के बाद ही बनती है।

चन्द्र ग्रहण कैसे होता है ?  

पूर्णिमा (पूर्वापर अन्तर) के दिन शराभाव (चन्द्रग्रहण में शराभाव याम्योत्तर अन्तर होता है।) होने पर चन्द्रग्रहण होता है। #शर क्या है? शर को इंग्लिश में Celestial Latitude कहते हैं। शर सिद्धांत ज्योतिष् का  तकनीकी शब्द है। कदम्बप्रोत वृत्त में ग्रहबिम्ब और ग्रहस्थान का अन्तर शर कहलाता है। शर के अभाव को शराभाव कहते हैं । हर बार चन्द्र+राहु/केतु रहने पर पूर्णिमा के दिन चन्द्रग्रहण नहीं होता, बल्कि इनके साथ-साथ जब शराभाव होता है तभी चन्द्रग्रहण होता है। अगर शराभाव की बात न होती तो हर पूर्णिमा को चन्द्रग्रहण क्यों नहीं लगता?

चलिए इसी क्रम में लगे हाथों शर निकालने का सूत्र भी बता देता हूँ। शरानयनम्– स्पष्ट चन्द्र में पात को घटाकर जो शेष बचे उसकी जीवा निकालकर उसे चन्द्रमा के परम विक्षेप (२७०’ कला) से गुणा करके त्रिज्या (३४३८ कला) से भाग देने पर लब्धि  कलादि  स्पष्टशर प्राप्त होता है

चंद्रग्रहण के संबंध में एक अति #महत्त्वपूर्ण बात आपको बताता हुँ। ऊपर यह बताया जा चुका है कि जब पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है तो चन्द्रग्रहण होता है। चंद्रमा अन्य ग्रहों की अपेक्षा पृथ्वी के बहुत नजदीक है। और चन्द्रमा का भ्रमण वृत्त पृथ्वी के वृत्त पर स्थित है। चन्द्रमा पर पड़ने वाली भूच्छाया से हमारा सीधा संबंध है क्योंकि हम स्वयं पृथ्वी पर निवास करते हैं। इसलिए चंद्रमा पर पढ़ने वाली पृथ्वी की छाया पूरी पृथ्वी से देखने पर एक समान ही दिखाई पड़ती है। अर्थात चंद्रग्रहण #सार्वभौमिक होता है, और सरल शब्दों में कहूं तो जिस दिन चंद्रग्रहण होगा उस दिन पूरी पृथ्वी पर जहां-जहां रात होगी सभी स्थानों पर समान रूप से चंद्रग्रहण दिखाई देगा। सूर्य ग्रहण में ऐसा नहीं होता, सूर्यग्रहण सार्वभौमिक नहीं है। 

इस ग्रहण की विशेषता –

1. यह इस वर्ष का पहला चंद्रग्रहण है।

2. चंद्रग्रहण का सम्पूर्ण मान 01 घंटे 18 मिनट होगा। 

3. इसका मैग्निट्यूड़ 0.122 होगा। 

4. विभिन्न क्षेत्रों में चन्द्रमा का अधिकतम 6% भाग पृथ्वी की छाया द्वारा ग्रसित नजर आएगा।

5. इस वर्ष मेष राशि में बृहस्पति की युति के साथ चन्द्रग्रहण की घटना  ऐतिहासिक है।

ग्रहण सूतक – 

यह चन्द्रग्रहण पुरे भारत में दिखाई देगा !

इस दौरान जप -तप और दान का विशेष महत्व होगा !

धर्मशास्त्रों के अनुसार चन्द्रग्रहण में ग्रहण से 9 घण्टे पहले और सूर्यग्रहण में ग्रहण से 12 घण्टे पहले ग्रहण सूतक लगता है। इसमें शिशु, अतिवृद्ध और गम्भीर रोगी को छोड़कर अन्य लोगों के लिए भोजन और मल-मूत्र त्याग वर्जित है। 

कहा भी गया है-

सूर्यग्रहेतुनाश्नीयात्पूर्वंयामचतुष्टयम्।

चन्द्रग्रहेतुयामास्त्रीन्_बालवृद्धातुरैर्विना।।

सभी सनातनियों को इस धर्मशास्त्रीय आदेश का पालन करते हुए, सूतक के समय से ही ग्रहण के सभी नियमों का पालन करना चाहिए। 

विभिन्न राशियों पर ग्रहण का प्रभाव –

ज्योतिष के ग्रन्थों के अनुसार इस ग्रहण का 12 राशियों पर जो प्रभाव होगा उसे वर्णित किया जा रहा है –

1. मेष– घात। 

2. वृष–  क्षति। 

3. मिथुन– श्रीः । 

4. कर्क- व्यथा ।

5. सिंह– चिन्ता ।

6. कन्या- सुख । 

7. तुला– स्त्रीपीड़ा।

8. वृश्चिक– हानि ।

9. धनु- मानहानि ।

10. मकर– सुख ।

11. कुम्भ– लाभ ।

12. मीन– मृत्युतुल्य कष्ट।

मेष राशि में ही चन्द्रग्रहण लग रहा है इसलिए मेष राशि वालों को सबसे ज्यादा सचेत रहने की जरुरत है। उसमें भी अगर आपका जन्म अश्विनी नक्षत्र में हुआ है तब तो ये बहुत विनाशकारी है, अतः शान्ति उपाय करने और सावधान रहने की विशेष आवश्यकता है।

शान्ति उपाय के लिए आप हरिहर ज्योतिर्विज्ञान संस्थान को +91 9341014225 पर अभी सम्पर्क करें।

जिन राशियों के लिए अनिष्ट फल कहा गया है, उन्हें ग्रहण नहीं देखना चाहिए ।

 अनिष्टप्रद_ग्रहण_फलों_के निवारण के लिए स्वर्ण निर्मित सर्प कांसे के बर्तन में तील, वस्त्र एवं दक्षिणा के साथ श्रोत्रिय ब्राह्मण को दान करना चाहिए । अथवा अपनी शक्ति के अनुसार सोने या चाँदी का ग्रहबिम्ब बनाकर ग्रहण जनित अशुभ फल निवारण हेतु दान करना चाहिए। ग्रहण दोष निवारण के लिए विशेषकर गौ, भूमि अथवा सुवर्ण का दान दैवज्ञ के लिए करना चाहिए।

दान करते समय ये श्लोक पढ़ें-

तमोमयमहाभीमसोमसूर्यविमर्दन,

हेमनागप्रदानेनममशान्तिप्रदोभव।

विधुन्तुदनमस्तुभ्यंसिंहाकानन्दनाच्युताम्,

दानेनानेननागस्यरक्षमां वेधनाद्भयात्।।

                       इस प्रकार दान करने से निश्चय ही ग्रहण जनित अशुभ से अशुभ फलों का भी शमन हो जाता है और उसके दुष्प्रभावों  से व्यक्ति को मुक्ति मिल जाती है।

ग्रहण  के समय क्या करें क्या न करें?

1. चन्द्रग्रहण और सूर्यग्रहण के समय संयम रखकर जप-ध्यान करने से कई गुना फल होता है। 

2. श्रेष्ठ साधक उस समय उपवासपूर्वक ब्राह्मी घृत का स्पर्श करके ‘ॐ नमो नारायणाय’ मंत्र का आठ हजार जप करने के पश्चात ग्रहणशुद्ध होने पर उस घृत को पी लें। ऐसा करने से वे मेधा (धारणाशक्ति), कवित्वशक्ति तथा वाकसिद्धि प्राप्त कर सकते हैं। 

3. देवी भागवत में आता हैः सूर्यग्रहण या चन्द्रग्रहण के समय भोजन करने वाला मनुष्य जितने अन्न के दाने खाता है, उतने वर्षों तक अरुतुन्द नामक नरक में वास करता है। फिर वह उदर रोग से पीड़ित मनुष्य होता है फिर गुल्मरोगी, काना और दंतहीन होता है। अतः सूर्यग्रहण में ग्रहण से चार प्रहर (12 घंटे) पूर्व और चन्द्र ग्रहण में तीन प्रहर ( 9 घंटे) पूर्व भोजन नहीं करना चाहिए। बूढ़े, बालक और रोगी डेढ़ प्रहर (साढ़े चार घंटे) पूर्व तक खा सकते हैं। ग्रहण पूरा होने पर सूर्य या चन्द्र, जिसका ग्रहण हो, उसका शुद्ध बिम्ब देखकर ही भोजन करना चाहिए। 

4. ग्रहण वेध के पहले जिन पदार्थों में कुश या तुलसी की पत्तियाँ डाल दी जाती हैं, वे पदार्थ दूषित नहीं होते। इसलिए घर में रखे सभी अनाज और सूखे अथवा कच्चे खाद्य पदार्थों में ग्रहण सुतक से पूर्व ही तुलसी या कुश रख देना चाहिए। जबकि पके हुए अन्न का अवश्य त्याग कर देना चाहिए। उसे किसी पशु या जीव-जन्तु को खिलाकर, पुनः नया भोजन बनाना चाहिए। 

5. ग्रहण वेध के प्रारम्भ होने से पूर्व अर्थात् सूतक काल में तिल या कुश मिश्रित जल का उपयोग भी अत्यावश्यक परिस्थिति में ही करना चाहिए और ग्रहण शुरू होने से अंत तक तो बिलकुल भी अन्न या जल नहीं लेना चाहिए।

6.ग्रहण के समय एकान्त मे नदी के तट पर या तीर्थो मे गंगा आदि पवित्र स्थल मे रहकर जप पाठ सर्वोत्तम माना गया है ।

7. ग्रहण के स्पर्श के समय स्नान, मध्य के समय होम, देव-पूजन और श्राद्ध तथा अंत में सचैल(वस्त्रसहित) स्नान करना चाहिए। स्त्रियाँ सिर धोये बिना भी स्नान कर सकती हैं। ग्रहण समाप्ति के बाद तीर्थ में स्नान का विशेष फल है। ग्रहणकाल में स्पर्श किये हुए वस्त्र आदि की शुद्धि हेतु बाद में उसे धो देना चाहिए। 

8. ग्रहण समाप्ति पर स्नान के पश्चात् ग्रह के सम्पूर्ण बिम्ब का दर्शन करें, प्रणाम करें और अर्ध्य दें।उसके बाद सदक्षिणा अन्नदान अवश्य करें। 

9. ग्रहण समाप्ति स्नान के पश्चात सोना आदि दिव्य धातुओं का दान बहुत फलदायी माना जाता है और कठिन पापों को भी नष्ट कर देता है। इस समय किया गया कोई भी दान अक्षय होकर कई गुना फल प्रदान करता है।

10. ग्रहण के समय गायों को घास, पक्षियों को अन्न, जररूतमंदों को वस्त्र और उनकी आवश्यक वस्तु दान करने से अनेक गुना पुण्य फल प्राप्त होता है। 

11. ग्रहण के समय कोई भी शुभ या नया कार्य शुरू नहीं करना चाहिए।

12. ग्रहण काल मे सोना मल-मूत्र का त्याग, मैथुन और भोजन  ये सब कार्य वर्जित हैं।

13. ग्रहण के समय सोने से रोगी, लघुशंका करने से दरिद्र, मल त्यागने से कीड़ा, स्त्री प्रसंग करने से सूअर और उबटन लगाने से व्यक्ति कोढ़ी होता है। 

14. ग्रहण के अवसर पर दूसरे का अन्न खाने से बारह वर्षों का एकत्र किया हुआ सब पुण्य नष्ट हो जाता है। (स्कन्द पुराण)

15. गर्भवती महिलाओं तथा नवप्रसुताओं को ग्रहण के समय विशेष सावधान रहना चाहिए। सुतक के समय से ही ग्रहण के यथाशक्ति नियमों का अनुशासन पूर्वक पालन करना चाहिए।उनके लिए बेहतर यही होगा कि घर से बाहर न निकलें और अपने कमरे में एक तुलसी का गमला रखें।

16. ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाएँ श्रीमद्भागवद् पुराणोक्त गर्भरक्षामन्त्र- 

पाहि पाहि महायोगिन् देवदेव जगत्पते ।

नान्यं त्वदभयं पश्ये यत्र मृत्युः परस्परम् ॥

अभिद्रवति मामीश शरस्तप्तायसो विभो ।

कामं दहतु मां नाथ मा मे गर्भो निपात्यताम् ॥

          का अनवरत मन ही मन पाठ करती रहें।

17. भगवान वेदव्यास जी ने परम हितकारी वचन कहे हैं- सामान्य दिन से चन्द्रग्रहण में किया गया पुण्यकर्म (जप, ध्यान, दान आदि) एक लाख गुना और सूर्य ग्रहण में दस लाख गुना फलदायी होता है। इसी प्रकार गंगा स्नान का फल भी चन्द्रग्रहण में एक करोड़ गुना और सूर्यग्रहण में दस करोड़ गुना  होता है। 

18. ग्रहण के समय गुरुमंत्र, इष्टमंत्र अथवा भगवन्नाम जप अवश्य करें, न करने से मंत्र को मलिनता प्राप्त होती है। 

19. ग्रहण के दौरान भगवान के विग्रह को स्पर्श न करे।

20. ग्रहण के समय ईष्टमन्त्रों की सरलता से सिद्धि प्राप्त हो जाती है, अतः अपने गुरु से अपने अभिष्ट मन्त्र लेकर उनके सानिध्य में ग्रहण के दौरान मन्त्र-सिद्धि भी कर सकते हैं। शाबर मन्त्र ग्रहण के दौरान गंगातट पर 10,000 जपने से सिद्ध हो जाते हैं।

21. अपने राशि पर पड़ने वाले ग्रहण के अशुभ प्रभावों को दूर करने के लिए ग्रहण के दौरान अपने राशिस्वामि का मन्त्र या सूर्य नारायण अथवा चन्द्रदेव के मन्त्र का जप करना बहुत प्रभावी होगा।

ग्रहण को कैसे देखें?

इस लेख को अधिक से अधिक साझा करें।

ज्योतिषियों, खगोलशास्त्रियों और वैज्ञानिकों के अलावा सामान्य जनमानस में भी ग्रहण को देखने की विशेष जिज्ञासा रहती है। खासकर छात्रों में यह उत्कण्ठा विशेषरूप से देखने को मिलती है। तो आइए जानते हैं कैसे हम 28-29 अक्टूबर को लगने वाले चन्द्रग्रहण का आनन्द कैसे ले सकते हैं।

सूर्यग्रहण के विपरीत, चन्द्रग्रहण देखना सुरक्षित होता है।  कोई भी व्यक्ति बिना किसी आंखों की सुरक्षा या विशेष उपकरण के सूर्य, चन्द्रमा और  पृथ्वी की इस एकरेखीय स्थिति को देख सकता है। आप बस घर से बाहर जाकर और बिना किसी दूरबीन या टेलीस्कोप के खुली आँखों से ही आकाश में चन्द्रग्रहण को देख सकते हैं।

यह चन्द्रग्रहण साल 2023 की आखिरी खगोलीय घटना होगी।  इसके बाद, अगला चंद्रग्रहण 25 मार्च, 2024 को होगा। यह एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा जो नग्न आंखों से दिखाई देगा क्योंकि चंद्रमा का 95.57% भाग पृथ्वी की उपच्छाया छाया में डूबा रहेगा।

– ब्रजेश पाठक ज्यौतिषाचार्य 

श्री ला.ब.शा.विद्यापीठ, दिल्ली ।

1 thought on “चंद्रग्रहण 28-29 अक्टूबर 2023 की सम्पूर्ण जानकारी | Partial lunar Eclipse”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top